
हल्द्वानी। उपकारागार हल्द्वानी के बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में कार खड़ी कर घंटों रैकी कर रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वरना कार को भी कब्जे में ले लिया है। आरोपी से पूछताछ कर पुलिस उसके जेल के बाहर पहुंचने और रैकी करने के मकसद का पता लगाने में जुटी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जनपद में अपराध तथा अवैध हथियारों की तस्करी और उनके प्रयोग पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत हल्द्वानी पुलिस को यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम को उपकारागार परिसर के बाहर एक संदिग्ध वाहन खड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन संख्या UK06R-8499 वरना कार की चेकिंग की।
तलाशी के दौरान कार से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने कार सवार युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी की पहचान जतिन्द्र सिंह (32), पुत्र सरदार बलविन्दर सिंह, निवासी ग्राम गजरौला जोगीपुरा, थाना बाजपुर, ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त वरना कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी जेल के बाहर किस उद्देश्य से मौजूद था और उसके पास अवैध हथियार कहां से आया।
गिरफ्तारी टीम में व0उ0नि0 रोहताश सिंह सागर, अ0उ0नि0 राम सिंह अधिकारी, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल धीरेन्द्र अधिकारी, राहुल राणा, कुन्दन सिंह और होमगार्ड अमरबण गोस्वामी शामिल रहे।









