
विकासनगर। देहरादून जिले के सेलाकुई क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक विवाहिता के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि ससुराल वालों ने उसे करीब 10 महीने तक घर के एक कमरे और शौचालय में बंद करके रखा। इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई और मानसिक रूप से भी परेशान किया गया।
पीड़िता के पिता ने सेलाकुई थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी बेटी की शादी राहुल खंडूड़ी से हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, सास और ससुर उसकी प्रताड़ना करते थे।
शिकायत के अनुसार पिछले कई महीनों से महिला को घर के अंदर बंधक बनाकर रखा गया था। आरोप है कि उसके साथ लगातार मारपीट की जाती थी और उसे डराया-धमकाया भी जाता था। पिता का कहना है कि मारपीट के दौरान महिला के सिर के बाल तक खींचे गए, जिससे उसके सिर का एक हिस्सा खाली हो गया।
परिजनों को लंबे समय तक इस घटना की जानकारी नहीं मिल सकी। जब उन्हें मामले का पता चला तो उन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क कर कार्रवाई की मांग की।
सेलाकुई थाना पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत के आधार पर पति, सास और ससुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









