शादी और सरकारी नौकरी का झांसा देकर नर्सिंग स्टाफ से 32 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

क्राइम,

देहरादून। शादी और सरकारी नौकरी का झांसा देकर नर्सिंग स्टाफ की युवती से करीब 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने पिथौरागढ़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी स्वास्थ्य विभाग में करीब छह साल तक संविदा पर फार्मासिस्ट रह चुका है। पुलिस के मुताबिक, वह अपनी पुरानी विभागीय पहचान का हवाला देकर सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को ठगी का शिकार बनाता था। आरोपी के खिलाफ नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी और अन्य आपराधिक घटनाओं से जुड़े आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को देहरादून के एक निजी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत युवती ने नेहरू कॉलोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने बताया कि उसकी मुलाकात आरोपी चारू चंद्र जोशी से एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के माध्यम से हुई थी। आरोपी ने खुद को स्वास्थ्य विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर बताते हुए विभागीय अधिकारियों से अच्छी पहचान होने का दावा किया।

 

आरोप है कि चारू चंद्र जोशी ने युवती से शादी करने और उसे स्वास्थ्य विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद उसने अलग-अलग तारीखों पर नौकरी पक्की कराने के नाम पर युवती से करीब 32 लाख रुपये ले लिए। काफी समय बीतने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो युवती को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी नौकरी लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।

 

सम्बंधित खबरें