उत्तराखंड में धर्मांतरण मामले पर पुलिस का बड़ा एक्शन, अहम दस्तावेज बरामद

खटीमा। उधम सिंह नगर जिले के खटीमा में धर्मांतरण से जुड़े मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से वांछित चल रहे आरोपी संदीप सिंह राणा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत खटीमा कोतवाली पुलिस ने संदीप सिंह राणा को जसरी-पटपुरा मार्ग स्थित एक ईंट भट्ठे के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी ग्राम सबौरा का रहने वाला है और धर्मांतरण से जुड़े मामले में उसकी तलाश की जा रही थी।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को आरोपी के पास से जन्म प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड की प्रतियां, मैरिज लाइसेंस, धार्मिक प्रमाण-पत्र और अन्य दस्तावेज मिले हैं। सभी दस्तावेजों को पुलिस ने जांच के लिए कब्जे में ले लिया है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कुछ लोगों के संपर्क में आने के बाद ईसाई धर्म से जुड़ा था। पुलिस अब इस मामले में जुड़े अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार खटीमा में धर्मांतरण से जुड़े दो अलग-अलग मामले दर्ज हैं। इन मामलों में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। एक अन्य आरोपी दान सिंह पहले से जेल में है…जबकि कमलजीत सिंह की तलाश जारी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सम्बंधित खबरें