
चम्पावत। जिले में मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर बनलेख के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार हादसा 11 अगस्त को दोपहर करीब 3:05 बजे तहसील चम्पावत क्षेत्र के बनलेख के पास हुआ। पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से दोपहर 3:09 बजे हादसे की सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को मिली। बताया गया कि कार संख्या UK05 TA 5045 अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों के साथ पुलिस, राजस्व विभाग और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को जिला चिकित्सालय चम्पावत पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने नरेन्द्र राम (32) पुत्र हेम राम, निवासी ग्राम बांस महतोली, चंडाक, जिला पिथौरागढ़ को मृत घोषित कर दिया। हादसे में हरी राम (60), पुत्र दानी राम, रोहित कुमार (26), पुत्र जगदीश राम और जमन राम (63), पुत्र लक्ष्मण राम घायल हुए हैं। रोहित कुमार वाहन चालक बताया गया है।
108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से सभी घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। हरी राम के सिर में गंभीर चोट होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया है। वहीं अन्य दो घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
हादसे के बाद मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस, राजस्व, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सक्रियता दिखाई। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है








