
बाजपुर (ऊधमसिंह नगर)। उत्तराखंड एसटीएफ और औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित तौर पर नकली एलोपैथिक दवाइयों के अंतरराज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी में भारी मात्रा में नकली दवाइयां, पैकेजिंग सामग्री और दवा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीनें बरामद की गई हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और आबकारी होलोग्राम भी मिलने का दावा किया गया है।
एसटीएफ के अनुसार, कार्रवाई के दौरान बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश निवासी धीरेन्द्र पुत्र ब्रह्म सिंह को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि आयुर्वेदिक और फूड लाइसेंस की आड़ में बिना वैध लाइसेंस के प्रतिष्ठित दवा कंपनियों के नाम से नकली एलोपैथिक दवाइयों का निर्माण कर उन्हें बाजार में सप्लाई किया जा रहा था।
आरोपी की निशानदेही पर टीम ने एनएच-74 स्थित एक गोदाम पर भी कार्रवाई की, जहां से बड़ी मात्रा में तैयार नकली दवाइयां, पैकिंग सामग्री और अवैध शराब बरामद होने की बात कही गई है। कार्रवाई में करीब एक लाख टैबलेट और 15 हजार सिरप की बोतलें जब्त की गईं। ये दवाइयां एसिडिटी, संक्रमण, दर्द, प्रोस्टेट और कैल्शियम, विटामिन व आयरन की कमी जैसी स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार में इस्तेमाल होने वाली दवाओं के नाम पर तैयार की जा रही थीं।
टीम ने मौके से कथित तौर पर 1,632 क्वार्टर मैकडॉवेल नंबर-1, 1,016 शराब की बोतलें, आबकारी होलोग्राम, रैपर, ढक्कन, खाली क्वार्टर और अन्य सामग्री भी बरामद की। पूछताछ में आरोपी द्वारा हरियाणा से अवैध शराब मंगाकर उत्तराखंड में सप्लाई करने की बात सामने आने का दावा किया गया है।
आरोपी के खिलाफ औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (BNS) और उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसटीएफ अब इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और दवाइयों की सप्लाई चेन की जांच कर रही है।









