मदरसन बवाल के तार नेपाल और नोएडा से जुड़ने के संकेत.. पांच युवतियों और तीन युवकों के फोन सर्विलांस पर…

Motherson company

लालकुआं। मोटाहल्दू स्थित मदरसन कंपनी में बीते दिनों हुए हंगामे का लिंक नोएडा में हुए बवाल से जुड़ता दिखाई दे रहा है। स्थानीय खुफिया इकाई व जांच अधिकारी इन संदिग्धों से ठोस इनपुट का इंतजार कर रहे हैं। इसके लिए पुलिस ने पांच युवतियों व तीन युवकों के मोबाइल इलेक्ट्रानिक सर्विलांस में लगा दिए हैं।

मदरसन कंपनी में हुए हंगामे के बाद पुलिस ने दावा किया है कि इसमें कुछ संदिग्ध लोग शामिल थे, जो नोएडा हिंसा के सूत्रधार हैं और वहीं से आपरेट हो रहे थे। यह संदिग्ध नेपाल के जेन-जी आंदोलन के बाद नोएडा में श्रमिकों के उपद्रव से काफी प्रेरित हैं। इन संदिग्धों ने ही श्रमिकों को उग्र आंदोलन के लिए उकसाया है।

संदिग्धों ने ही श्रमिकों को बरगलाया था,

बीते दिन पहले एसएसपी मंजुनाथ टीसी का कहना था कि इन संदिग्धों की कुंडली खंगालने के लिए टीमें जुट गई हैं, जो इंटरनेट मीडिया अकाउंट में नजरें बनाए हुए हैं। इन संदिग्धों ने ही श्रमिकों को हंगामा करने के लिए बरगलाया था।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि संदिग्धों के साथ ही जिन अज्ञातों पर प्राथमिकी दर्ज है। वह सभी पुलिस रडार पर हैं। संदिग्धों के मामले की जांच चल रही है, इसके लिए बकायदा हल्द्वानी कोतवाल विजय मेहता को जांच अधिकारी नियुक्त कर दिया है। इन संदिग्धों से ठोस इनपुट जुटाने के लिए इनके मोबाइल फोन सर्विलांस में लगाए गए हैं। ठोस जानकारी उपलब्ध होने पर इनपर कार्रवाई करते हुए इनके नाम सार्वजनिक करेगी।

 

सम्बंधित खबरें