
रूदपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बगवाड़ा में एक नाबालिग छात्रा को स्कूल से बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ जबरन शादी रचाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जब परिजनों ने इस कृत्य का विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ जमकर मारपीट की और महिला के कपड़े तक फाड़ दिए। पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मूल रूप से खानपुर बस्ती, बिलासपुर (यूपी) निवासी सोमपाल ने पुलिस को बताया कि उनकी 15 वर्षीय पुत्री बगवाड़ा स्थित अपनी नानी के घर रहकर रामनगर मलसी सरकारी स्कूल में कक्षा 10 की पढ़ाई कर रही है। बीती 23 अप्रैल को दोपहर करीब 1ः30 बजे पुत्री स्कूल गई थी, लेकिन छुट्टी के बाद घर नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद पता चला कि बगवाड़ा भट्टðा निवासी शिवा साहनी पुत्र मिथुन साहनी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। आरोप है कि उसी रात करीब 1बजे आरोपी शिवा साहनी के परिजनों-जिनमें उसकी मां शकीना, दादी चम्पा देवी, बुआ सीमा और चाची शामिल थीं,ने नाबालिग की जबरन मांग भरवा दी और उसे घर लेकर पहुंचे। जब पीड़िता के पिता ने अवैध विवाह का विरोध करते हुए पुलिस बुलाने की बात कही, तो आरोपी पक्ष आगबबूला हो गया। आरोपियों ने एकजुट होकर पीड़ित परिवार के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान छात्रा की मामी को बेरहमी से पीटा गया और उनके कपड़े फाड़ दिए गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नाबालिग के अपहरण, जबरन विवाह और मारपीट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।









