हल्द्वानी: खिड़की में तेंदुआ देख मचा हड़कंप, इलाके में दहशत

हल्द्वानी और इसके आसपास के इलाकों में इन दिनों तेंदुओं सहित जंगली जानवरों का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है। जंगली जानवर अब जंगलों से निकलकर सीधे लोगों के घरों की दहलीज तक पहुंचने लगे हैं। लामाचौड़ क्षेत्र में सोमवार रात एक ऐसा ही खौफनाक मामला सामने आया, जहां एक तेंदुआ रिहाइशी मकान की खिड़की पर चढ़कर बैठ गया।

खिड़की से अंदर झांकता दिखा तेंदुआ

सोमवार रात तेंदुआ लामाचौड़ में चारधाम मंदिर के सामने स्थित फार्मग्रिल रेस्टोरेंट के पास नवनीत बिष्ट के घर तक आ पहुंचा। इसके बाद तेंदुआ सीधे मकान की खिड़की पर जाकर बैठ गया और काफी देर तक खिड़की से घर के अंदर की ओर ताकता रहा। जब घर के सीसीटीवी फुटेज देखे गए, तो तेंदुए को खिड़की पर बैठा देख परिजनों और आसपास के लोगों के होश उड़ गए।

घर के बेहद करीब तेंदुए की मौजूदगी से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर लोगों को रात के समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।स्थानीय निवासियों ने वन विभाग से तुरंत संज्ञान लेते हुए इलाके में पिंजरा लगाकर तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है.

 

सम्बंधित खबरें