
रिश्तों को तार-तार करने और एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। तीन बच्चों की मां अपने दो मासूम बेटों को लेकर पिछले 17 दिनों से गायब है। पीड़ित पति का आरोप है कि उसका सगा बहनोई ही उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। इधर, मां के आंचल से दूर घर पर छूटा एक बेटा रो-रोकर बेहाल है, तो वहीं लाचार पति अपनों की तलाश में दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है।
मामला लालकुआं कोतवाली का है
पीड़ित पति ने बताया कि उसकी शादी 8 वर्ष पूर्व हुई थी। उनके तीन बेटे हैं और सब कुछ ठीक चल रहा था। लेकिन 17 दिन पहले एक रात अचानक सब बदल गया। रात करीब 10 बजे, जब सब सोने की तैयारी में थे, महिला बिना किसी को कुछ बताए चुपचाप घर से निकल गई। जाते समय वह अपने दो छोटे बेटों को भी साथ ले गई।
घर में रखा कैश भी गायब, एक मासूम मां के लिए बेहाल
महिला जाते-जाते घर में रखी 5,000 रुपये की नकदी भी अपने साथ समेट ले गई है। हैरान करने वाली बात यह है कि वह अपने एक बेटे को घर पर ही छोड़ गई। मां के अचानक चले जाने से स्तब्ध मासूम बच्चा दिन-रात रो-रोकर अपनी मां को ढूंढ रहा है, जिसे संभालने वाला कोई नहीं है।
पीड़ित ने अपने सगे बहनोई पर ही इस पूरे घर को उजाड़ने का आरोप लगाया है। लाचार पति ने कहा:
मुझे पूरा शक है कि मेरा बहनोई ही मेरी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। घटना के बाद से ही उन दोनों के मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहे हैं, जिसके कारण कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। मुझे किसी अनहोनी घटना की आशंका भी सता रही है।”
17 दिन पहले पुलिस को दी तहरीर, अब भी भटक रहा पीड़ित
मामले को लेकर पीड़ित पति ने 17 दिन पहले ही लालकुआं कोतवाली में पत्नी और बच्चों की गुमशुदगी की तहरीर दे दी थी। हालांकि, इतने दिन बीत जाने के बाद भी अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। पीड़ित पति अब अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर संभावित ठिकानों पर पत्नी और बच्चों को ढूंढने के लिए भटक रहा है और पुलिस से न्याय की गुहार लगा रहा है।









