
देहरादून (महानाद) : फर्जी शस्त्र लाइसेंस मामले में एसएसपी एसटीएफ उत्तराखंड अजय सिंह के नेतृत्व में एसटीएफ की कार्रवाई लगातार जारी है। एसटीएफ ने 27 जून की रात्रि को सटीक एवं प्रभावी दबिश देकर एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल एवं 9 जिंदा कारतूस बरामद किये हैं।
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के ‘अपराध मुक्त उत्तराखण्ड’ के विजन तथा डीजीपी दीपम सेठ के निर्देशन में संचालित ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तराखण्ड द्वारा राज्य में बाहरी राज्यों से स्थानान्तरित होकर आए शस्त्र लाइसेंसों की वैधता एवं सत्यता की व्यापक जांच की जा रही है। उक्त क्रम में एसटीएफ द्वारा की गई गहन जांच, तकनीकी विश्लेषण एवं एकत्रित साक्ष्यों के आधार पर दिनांक 04.06.2026 को जनपद ऊधम सिंह नगर की कोतवाली काशीपुर में धारा 318(4), 338, 336(3), 340, 61(2), 3(5), 111 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था।
उक्त प्रकरण की जांच के दौरान दिनांक 27.06.2026 की रात्रि को एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के निर्देशन में एसटीएफ टीम द्वारा काशीपुर क्षेत्र में सघन दबिश एवं छापेमारी की कार्रवाई की गई, जिसमें एक और अभियुक्त फईम अहमद (24 वर्ष) पुत्र इरशाद हुसैन, निवासी बसई चौक, हरियावाला चौराहा, थाना कुण्डा, जनपद ऊधम सिंह नगर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल (.32 बोर) एवं 9 जिंदा कारतूस (.32 बोर) बरामद किए गए। जांच में यह भी प्रकाश में आया है कि फईम द्वारा जनपद शाहजहांपुर के नाम से फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाया गया था।
एसएसपी एसटीएफ अज सिंह ने कहा किकृफर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों का यह संगठित नेटवर्क राज्य की कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। एसटीएफ इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचकर पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश करने के लिए प्रतिबद्ध है। जांच में जिस किसी व्यक्ति, दलाल, लाइसेंस धारक, हथियार आपूर्तिकर्ता अथवा किसी अन्य सहयोगी की संलिप्तता सामने आएगी, उसके विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। किसी भी दोषी को किसी भी स्तर पर बख्शा नहीं जा रहा है।
उन्होंने फर्जी अथवा संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस धारकों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे स्वयं आगे आकर अपने शस्त्र एवं लाइसेंस सहित एसटीएफ के समक्ष आत्मसमर्पण करें, अन्यथा जांच में चिन्हित होने पर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसटीएफ की अब तक की कार्रवाई –
– राज्य के विभिन्न जनपदों में 3 अभियोग पंजीकृत।
– 11 अभियुक्त गिरफ्तार कर जेल भेजे गए।
-15 अवैध शस्त्र बरामद।
– 350 कारतूस बरामद।
– बड़ी संख्या में संदिग्ध एवं फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद।
एसटीएफ द्वारा आमजन से अपील की गई है कि यदि किसी व्यक्ति को किसी फर्जी, संदिग्ध अथवा अवैध शस्त्र लाइसेंस के संबंध में कोई सूचना प्राप्त होती है तो तत्काल एसटीएफ को अवगत कराएं। सूचनाकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
एसटीएफ टीम में इंस्पेक्टर अरुण कुमार, एमपी सिंह, एसआई जगदीप नेगी, प्रकाश भगत, हे.कां. गोविन्द बिष्ट, मोहित वर्मा, कां. रवि बोरा, हे.कां. चालक संजय कुमार तथ सुरेन्द्र कनवाल शामिल थे।









