
हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में हुई घर में चोरी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध अनावरण अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार सत्य विहार कॉलोनी निवासी कुसुम जोशी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 से 18 जुलाई के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके माता-पिता के घर का ताला तोड़कर लगभग ढाई तोले का सोने का मंगलसूत्र और आधे तोले की सोने की अंगूठी चोरी कर ली। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की और संदिग्ध की पहचान की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आनंदपुर गांव से श्याम सिंह (45) निवासी जवाहर नगर, बनभूलपुरा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी का मंगलसूत्र और अंगूठी बरामद हुई। बरामद माल की कीमत करीब 4.50 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।








