
नैनीताल। ज्योलीकोट क्षेत्र में गुरुवार को एक टैक्सी वाहन अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में लखनऊ निवासी पर्यटक निखिलेंद्र सिंघल और चालक संग्राम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य पर्यटकों को मामूली चोटें आईं। जानकारी के अनुसार, निखिलेंद्र अपने दोस्तों सिद्धार्थ प्रताप सिंह, निखिल त्रिपाठी, आदित्य त्रिपाठी, सिद्धांत सिंह और आदर्श मिश्रा के साथ नैनीताल घूमने आए थे। वापसी के दौरान उन्होंने तल्लीताल से टैक्सी बुक की थी। ज्योलीकोट नंबर वन बैंड के पास हल्के मोड़ पर वाहन की गति अधिक होने से चालक नियंत्रण खो बैठा और टैक्सी सड़क किनारे पत्थरों से टकराकर खाई में गिर गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।








