हल्द्वानी -पनियाली में पत्नी से विवाद के बाद युवक ने दी जान

आत्महत्या,

हल्द्वानी। मुखानी कोतवाली क्षेत्र के पनियाली में पत्नी के मायके से नहीं लौटने से नाराज एक युवक ने घर के टिन शेड में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक तीन बच्चों का पिता था और प्लंबर का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस को अभी मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बहादुरगंज, पीलीभीत निवासी सर्वेश कुमार (37) पुत्र अनोखे लाल पिछले कुछ समय से पनियाली क्षेत्र में मकान बनाकर परिवार के साथ रह रहा था। वह प्लंबर का काम करता था। परिजनों के मुताबिक सर्वेश की पत्नी इन दिनों अपनी छोटी बेटी के साथ मायके गई हुई थी। इसको लेकर सर्वेश काफी परेशान था।

बृहस्पतिवार रात सर्वेश की फोन पर पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद वह घर में चला गया। कुछ देर बाद उसने घर के टिन शेड में दुपट्टे के सहारे फंदा लगा लिया। परिजनों को जानकारी मिलने पर घर में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उसे फंदे से उतारकर डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर मुखानी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे सर्वेश के बड़े भाई जयप्रकाश ने बताया कि सर्वेश चार भाइयों में सबसे छोटा था और परिवार में सभी का दुलारा था। करीब 13 वर्ष पहले उसने खटीमा निवासी युवती से प्रेम विवाह किया था। उनके तीन बच्चे हैं। जयप्रकाश के मुताबिक, बृहस्पतिवार को सर्वेश ने एक कारोबारी मित्र के सामने फोन पर पत्नी से बात करते हुए उसे जल्द मायके से घर लौटने को कहा था। उसने पत्नी से यह भी कहा था कि यदि वह उसी दिन घर नहीं लौटी तो वह उसका मरा हुआ मुंह देखेगी।

परिजनों ने बताया कि सर्वेश ने इससे पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था। इस साल होलिका दहन की रात उसने घर में फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की थी। हालांकि उस समय परिजनों ने उसे बचा लिया था। इसके बाद भी परिवार को इस बात का अंदेशा नहीं था कि वह दोबारा ऐसा कदम उठा लेगा।

हल्द्वानी के एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मुखानी कोतवाली क्षेत्र में युवक द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर गई थी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। फिलहाल मामले में परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सम्बंधित खबरें