
हल्द्वानी रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद एक संगठन द्वारा मंच का “शुद्धिकरण” किए जाने का मामला अब राष्ट्रीय स्तर पर गरमा गया है। खड़गे ने इस घटना को लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ बताते हुए राज्यसभा में जोरदार तरीके से उठाया तथा इस मामले में अस्पृश्यता निवारण अधिनियम (Untouchability Act) के तहत कार्रवाई की मांग की। इस पर पलटवार की बजाय स्थिति को संभालते हुए सदन के नेता और केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने इस घटना को बेहद दुखद बताया और स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी ऐसे कृत्यों का कतई समर्थन नहीं करती। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और सच्चाई सबके सामने लाई जाएगी।








